मसवानपुर में चोरों ने सेवानिवृत्त राज्य कर अधिकारी के घर में घुसकर नकदी समेत लाखों का माल उड़ा दिया। वारदात के वक्त परिवार मकान के दूसरे हिस्से में सो रहा था। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने पीड़ित परिवार से तहरीर लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
राज्य कर अधिकारी के पद से सेवानिवृत्त विनोद कुमार दीक्षित के मसवानपुर सरायं में दो अगल-बगल मकान हैं। परिवार में पत्नी मंजू व दो विवाहित बेटे आशुतोष और नंद किशोर दीक्षित हैं। परिजनों के मुताबिक नंदकिशोर की गृहस्थी का सामान दूसरे मकान में रखा है जिसमें अभी निर्माण कार्य चल रहा है। एक सप्ताह पूर्व विनोद को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। पैर में फ्रैक्चर हो गया। इधर सोमवार को परिजन ने उन्हें ऑपरेशन के लिए वेदांता अस्पताल में भर्ती कराया। इसी दौरान देर रात चोरों ने निर्माणाधीन मकान में घुसकर कमरे के दरवाजा तोड़ अंदर रखी अलमारी से एक लाख रुपये नकदी, हार, झाले, झुमके सहित 65 ग्राम सोना पार कर दिया। सुबह विनोद की पत्नी मंजू पूजा करने गईं तब वारदात का पता चला।
अलमारी को शटरिंग में प्रयोग होने वाले औजारों से तोड़ा गया था। जो बेड पर पड़े मिले। आशंका है कि मकान में काम करने वाले मिस्त्रियों ने ही वारदात को अंजाम दिया। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि वारदात को किसी पारिवारिक व्यक्ति ने अंजाम दिया है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।