कानपुर देहात। पीएनबी बैंक मैनेजर के घर से 23 अप्रैल को चोरी हो गई थी। घटना के 51 दिन बीत चुके हैं। अब तक पुलिस इस घटना का खुलासा नहीं कर पाई है।
बता दें कि रसूलाबाद थाना क्षेत्र के मलखानपुर स्थित बेला मार्ग पर शिरीष पांडेय एक घर में किराये पर रहते हैं। वह याकूबपुर स्थित पीएनबी बैंक में मैनेजर हैं। बीती 23 अप्रैल को कानपुर निवासी रिश्तेदार शुभम की पहलगाम हमले में मौत होने के बाद अंतिम संस्कार में शामिल होने घर बंद करके गए थे। अगले दिन पड़ोसियों ने उनके मेन गेट का ताला टूटा देख उन्हें चोरी की जानकारी दी थी। मौके पर आकर उन्होंने लाखों रुपये कीमत के जेवर चोरी होने की बात बताई थी।
घटना वाले दिन पुलिस की कई टीमों ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की थी। अगले दिन एसपी अरविंद मिश्रा ने पीड़ित के घर पहुंचकर मुलाकात करते हुए जल्द ही घटना का खुलासा किए जाने की बात कही। घटना के 51 दिन बीतने के बाद भी पुलिस चोरों को पकड़ने में असफल रही है। जिसको लेकर पीड़ित व ग्रामीणों में नाराजगी है। रसूलाबाद थानाध्यक्ष हरमीत सिंह ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें खुलासे में लगी हुई हैं। कुछ संदिग्धों से पूछताछ की गई है, जल्द ही चोरों को पकड़ कर खुलासा किया जाएगा।