चित्रकूट। गर्मी बढ़ती ही जा रही है। शुक्रवार को तापमान 45.4 पहुंच गया। जून के पहले पखवाड़े में इतनी गर्मी कभी नहीं पड़ी। कूलर और पंखे गर्मी से राहत नहीं दे पा रहे हैं। गर्मी के कारण उल्टी-दस्त व बुखार के मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं।
एशहर निवासी देवीदयाल सोनी ने बताया कि दो रात से वह परिवार के साथ कभी छत पर कभी कमरे में सोने का प्रयास करते हैं, लेकिन गर्मी के चलते नींद नहीं आती है। गनीवां कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अंकुर त्रिपाठी ने बताया कि इस बार शुक्रवार को जिले में अधिकतम तापमान 45.4 व न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस रहा।
जिला अस्पताल सहित मानिकपुर, मऊ, पहाड़ी के सामुदायिक अस्पताल में डायरिया व बुखार से पीड़ित मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचे। वही गर्मी से राहत पाने के लिए पेय पदार्थ व गन्ने के रस का सेवन कर रहे हैं।