कानपुर देहात के दुधनिया गांव का निवासी युवक कालपी अपनी बहन के घर आया था। वो ऑटो से कालपी पुल पर पहुंचा और यमुना में छलांग लगा दी। पुलिस ने गोताखोरों से युवक की तलाश शुरू करा दी है।
जालौन जिले के कालपी थाना क्षेत्र में यमुना नदी के पुल से युवक ने नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में युवक की तलाश शुरू करा दी। देर शाम तक युवक का कहीं पता नहीं चला।
विज्ञापन
कानपुर देहात के देवराहट थाना क्षेत्र के दुधनिया गांव निवासी मुन्ना का 20 वर्षीय पुत्र फरजान दो दिन पहले कालपी में रहने वाली अपनी बहन के घर आया था। शनिवार की दोपहर वह ऑटो से कालपी स्थित यमुना नदी के पुल पर पहुंचा। यहां उसने किसी से फोन पर बात की।
इसके बाद चप्पल उतारकर बात करते करते नदी में छलांग लगा दी। राहगीरों ने बताया कि वह फोन पर भी नदी में कूदने की बात कह रहा था। सूचना पर कोतवाल जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे व परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि उसने फोन किया था और कूदने की बात कर रहा था।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामला गृह कलह से जुड़ा हुआ है। उसके परिजन भोपाल में रहते हैं। वह अभी कुछ दिन पहले ही युवक आया था। गोताखोरों से युवक की तलाश करवाई जा रही है। खबर लिखे जाने तक युवक का नदी में पता नही चला है।