कानपुर। अक्षय तृतीया का पर्व 30 अप्रैल को मनाया जाएगा। इसके लिए सराफा बाजार में खासा उत्साह है। कारोबारियों ने अच्छी तैयारी की है। गहनों की बनवाई पर शानदार ऑफर दिए जा रहे हैं। भाव बढ़ने के कारण हल्के गहनों की ज्यादा मांग है। ठोस सोना-चांदी बुलियन की भी मांग देखी जा रही है।
धनतेरस के बाद सोने-चांदी की बिक्री के दूसरे सबसे बड़े पर्व यानी अक्षय तृतीया पर सराफा बाजार में रौनक देखने को मिल सकेगी। बिरहाना रोड, चौक सराफा, नयागंज समेत शहर के सभी प्रमुख सराफा के शोरूमों में पर्व को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शोरूमों को सजाया जाने लगा है। सोना-चांदी के भाव तेज होने के बावजूद पर्व के दिन अच्छे कारोबार की उम्मीद कारोबारी कर रहे हैं। ग्राहक हल्की ज्वैलरी की मांग अधिक कर रहे हैं। कारोबारी पोल्की, कुंदन, टेंपल ज्वैलरी की नई-नई डिजाइन लेकर आए हैं। बुलियन और सिक्कों की मांग को देखते हुए कम भार वाले सिक्के लाए गए हैं।
सोने के दाम बहुत तेज हैं। इसके बाद भी बाजार में उत्साह है। सोने ने हमेशा बहुत अच्छा रिटर्न दिया है। सोने-चांदी महंगा होने का बहुत ज्यादा अंतर नहीं दिखेगा। अक्षय तृतीया पर सोना-चांदी, डायमंड की खरीदारी करना बेहद शुभ होता है। इस दिन लोग बहुत अच्छी खरीदारी करते हैं। कारोबारियों ने बहुत अच्छी तैयारी की है। -महेश चंद्र जैन, एमडी, पीबी सोसाइटी
अक्षय तृतीया को लेकर बाजार में उत्साह है। सोने के भाव बढ़ गए हैं। हल्के और भारी दोनों प्रकार के गहनों की मांग है। सोने के गहने उपयोग में तो आते हैं निवेश के रूप भी अच्छा विकल्प होता है। दस ग्राम सोने की खरीद पर एक हजार की छूट का ऑफर पर्व के दिन मिलेगा। डायमंड ज्वैलरी पर 10 प्रतिशत डिस्काउंट दिया जाएगा। -राजेंद्र अग्रवाल, मालिक सोना-चांदीस ज्वैलर्स
10 ग्राम सोने की खरीद पर एक हजार रुपये की छूट दी जाएगी। सोने-चांदी के भाव तेज होने के बाद भी अक्षय तृतीया पर बाजार अच्छा रहने की उम्मीद है। ग्राहक हल्के गहनों की मांग कर रहे हैं। पर्व को लेकर ग्राहकों में उत्साह है। सराफा ने अच्छी तैयारी की है। -भरत चंद्र सेठ, निदेशक, लाला काशीनाथ सेठ ज्वैलर्स