कानपुर। ग्रीनपार्क स्टेडियम में शनिवार को क्रिकेट खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। उन्होंने बल्लेबाजी, गेंदबाजी, क्षेत्ररक्षण के साथ फिटनेस की जोर आजमाइश की। यूपीसीएस की ओर से घरेलू क्रिकेट सत्र 2026-27 और रणजी ट्रॉफी की तैयारियों को लेकर सात दिवसीय शिविर का आजोजन किया जा रहा है, जिसमें क्रिकेटर अपना बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं।
शनिवार को सुबह के सत्र में मुख्य कोच ज्ञानेंद्र पांडेय की निगरानी में खिलाड़ियों ने रनिंग और यो-यो टेस्ट के मानकों पर फिटनेस जांच कराई। नेट्स पर बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने खेल का दम दिखाया। बल्लेबाजी में करन शर्मा, आर्यन जुयाल, प्रियम गर्ग, माधव कौशिक और स्वास्तिक चिकारा ने बेहतरीन शार्ट खेले, जबकि यश दयाल, प्रिंस यादव, कुनाल त्यागी और प्रशांतवीर ने स्विंग, यॉर्कर और स्पिनरों ने गुगली, कैरम बॉल समेत अन्य गेंदों को डालकर से चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा।
कैंप में विप्रराज निगम, शिवम शर्मा, आराध्या यादव, सिद्धार्थ यादव, विजय कुमार सहित कुल 44 खिलाड़ी शामिल हैं। कोच ज्ञानेंद्र पांडेय ने बताया कि हाई परफार्मेंस कैंप का उद्देश्य खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीकी दक्षता और मैच तैयारी का समग्र आकलन करना है। इसके आधार पर रणजी ट्रॉफी के लिए उत्तर प्रदेश की सबसे मजबूत टीम का चयन किया जा सकेगा।