कानपुर देहात में स्थित झींझक रेलवे स्टेशन का प्लेटफार्म। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
झींझक। दिल्ली हावड़ा रेल रूट के झींझक स्टेशन का प्लेटफार्म दोनों ओर ऊंचा किया जाएगा। इसका टेंडर उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज ने जारी किया है। करीब सवा दो करोड़ की लागत से प्लेटफार्म का निर्माण होगा।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के आगमन से पहले महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे ने झींझक स्टेशन का निरीक्षण किया था। इस दौरान रेलवे सलाहकार बोर्ड के सदस्य श्याम मोहन दुबे ने दोनों ओर प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की थी। रेलवे ने अब इसे मानते हुए निविदा जारी की है।
इस संबंध में एडीईएन इटावा आरआर गौर ने बताया कि झींझक स्टेशन पर प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने व अन्य कार्यों की निविदा निकाली गई है। टेंडर होने के बाद कार्य शुरू कराया जाएगा।
वहीं बोर्ड सदस्य श्याम मोहन दुबे ने बताया कि रेलवे टिकट घर को स्टेशन से बाहर की ओर करने व नए पैदल पुल निर्माण की भी मांग की गई है। रेलवे अधिकारियों ने निस्तारण का आश्वासन दिया है।