पनवाड़ी (महोबा)। कस्बा पनवाड़ी के राठ रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल भरवा रहे युवक को दबंगों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे सीएचसी पनवाड़ी से मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने एक नामजद समेत तीन लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बा पनवाड़ी निवासी सैफ आलम पुत्र एहसान खां राठ रोड़ स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक में पेट्रोल डलवाने गया था। तभी बाइक में सवार तीन लोगों ने किसी बात पर सैफआलम पर तमंचे से फायर कर दिया। पैर में गोली लगने से सैफ आलम घायल होकर गिर गया। सूचना पर पहुची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया। जहाँ से उसे झांसी रेफर किया गया। तहरीर के आधार पर दिनेश राजपूत ग्राम जखा थाना पनवाड़ी व दो अज्ञात के खिलाफ जान से मारने का मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने राठ रोड में घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी पनवाड़ी दीपक कुमार पांडे ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। फायर करने वालो को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।