कानपुर देहात। ठंड बढ़ते ही गर्म कपड़े, स्वेटर, जैकेट और कंबल से बाजार में भी तेजी आ गई है। व्यापारियों ने भी इस मौसम में कारोबार की अच्छी संभावनाओं को देखते हुए नये किस्म के कपड़े मंगाए हैं। ऊनी कपड़ों एवं कंबल खरीदने के लिए दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी है।
अकबरपुर के सदर बाजार और माती चौराहा से लेकर न्यायालय तिराहे तक फुटपाथ पर और इस मार्ग पर स्थित दुकानों में दिन से लेकर रात तक लगी भीड़ बता रही है कि व्यवसाय में तेजी है। हालांकि इसके बावजूद व्यवसायियों को मौसम में अभी बदलाव का इंतजार है। उन्हें इससे बाजार और सुधरने की उम्मीद है। अकबरपुर नगर में ऊनी कपड़ों एवं कंबल का बाजार इस समय अपनी तेजी पर है। हाईवे पर व माती रोड पर दुकानें सज गईं हैं। कई दुकानदार ऑफर के साथ गर्म कपड़े बेच रहे हैं। ऐसे में खरीदारी करने वाले इधर सबसे ज्यादा हैं।
इसके अलावा पुखरायां, भोगनीपुर, रूरा रोड, सिकंदरा रोड, रसूलाबाद झीझक रोड आदि जगहों की दुकानों पर भी भीड़ है। बाजार में 200 से अधिक रेडीमेड कपड़ों की छोटी-बड़ी दुकानें हैं। सर्दी के मौसम में जैकेट, लेडिज उलेन कुर्ती-पजामी, स्वेट टीशर्ट, उलेन नाइटी, शॉल आदि मार्केट में उपलब्ध हैं। सामान्य दुकानों में जैकेट एक हजार से लेकर 1800 रुपये तक, ब्रांडेड कंपनी का इनर 1000, शॉल 500 से 2000, जेंट्स व लेडिज स्वेटर 1000 से 1500 तक, सदरी 1400 से लेकर 2000 में उपलब्ध है।
इसके अलावा ब्रांडेड शोरूम व शापिंग कांप्लेक्स में ऊनी कपड़ों के अलग-अलग दाम हैं। ऊनी कपड़ा व्यापारी युनूस अंसारी, कबीर खान, हरिओम त्रिपाठी, सुरेश प्रभु, ज्वाला वर्मा, कदीर अहमद, शफीक मंसूरी आदि ने बताया कि इस बार ठंड की शुरुआत में ही ऊनी कपड़े और कंबल जाकिट की मांग बढ गई है। गुजरात, अहमदाबाद, सूरत और लुधियाना से गर्म कपड़े की भारी डिमांड के चलते गर्म कपड़े के स्टाक में गिरावट आई है।