कानपुर इटावा हाईवे पर बाराजोड़ के पास सर्विस रोड के लिए की गई खुदाई। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। कानपुर-इटावा हाईवे (एनएच-19) में होने वाले हादसों को कम करने के लिए दोनों तरफ 24 किमी की सर्विस रोड बनने का काम शुरू कर दिया गया है। इस रोड का काम इसी वर्ष के अंत में पूरा हो किया जाना है।
कानपुर देहात पुलिस से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचआई) को मिली रिपोर्ट के अनुसार कानपुर-इटावा हाईवे में हर वर्ष 40 से अधिक लोग जान गवा रहे हैं, वहीं 100 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं।
हादसे के आंकड़ों को कम करने के लिए एनएचआई मुख्यालय से परियोजना निदेशक पंकज मिश्रा को पत्र आया था। इसके बाद तकनीकी टीम गठित की गई। सर्वे में पता चला कि पहले की अपेक्षा अब गांव से हाईवे को जोड़ने वाले संपर्क मार्गों की संख्या बढ़ गई है।
इस वजह से ग्रामीण सीधे हाईवे पर चढ़ रहे हैं और पीछे से आ रहे वाहन से टकराकर हादसे का शिकार हो रहे हैं। इसको देखते हुए सर्विस रोड बनाने का फैसला लिया गया है।
एनएचआई की ओर से रनिया से बारजोड़ के बीच सर्विस रोड का काम शुरू कर दिया गया है। अब तक दोनों तरफ 10 किमी काम भी पूरा हो चुका है।
कानपुर-हाईवे पर हादसे रोकने के लिए 24 किमी की सर्विस रोड बनाई जा रही है। इसमें हाईवे के दोनों तरफ 10 किमी का काम पूरा हो चुका है। इसी वर्ष के अंत में पूरी सर्विस रोड तैयार हो जाएगी। - पंकज मिश्रा, परियोजना निदेशक, एनएचआई, कानपुर क्षेत्र