सरवनखेड़ा। गजनेर थाना क्षेत्र के गोगूमऊ गांव में अनुसूचित जाति के एक परिवार ने ईसाई धर्म अपना लिया। दरवाजे पर ईसाई धर्म का चिह्न लगाने के बाद गांव में चर्चा शुरू हो गई है।
गोगूमऊ गांव के होरीलाल ने बताया कि पारिवारिक समस्या होने पर पड़ोसी गांव महादेव कुटी के एक व्यक्ति ने उसे पनकी स्थित चर्च में जाने की सलाह दी। वहां से वह बर्रा स्थित चर्च में पहुंचा।
वहां केरल के पादरी के संपर्क में आने के बाद ईसाई धर्म से प्रभावित होकर उसने धर्म परिवर्तन कर लिया है। वहीं गोगूमऊ के आसपास स्थित कई गांवों में बड़ी संख्या में परिवार ईसाई धर्म के लोगों से जुड़े हैं।
उन्हें भी धर्म परिवर्तन के लिए तैयार किया जा रहा है। इसमें रनियां, बक्सपुरवा, महादेव कुटी के कई परिवार शामिल हैं। सूत्रों की माने तो धर्म परिवर्तन के लिए चर्च से जुड़े लोग अक्सर इन गांवों में आते रहते हैं।
मामले में गोगूमऊ निवासी भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश तिवारी ने बताया कि होरीलाल के घर के दरवाजे पर ईसाई धर्म का चिह्न देख गांव के लोगों को मामले की जानकारी हो सकी। ये परिवार गांव के लोगों से दूरी बनाकर रहता है।
भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं सांसद प्रतिनिधि श्याम सिंह सिसौदिया ने बताया कि अंधविश्वास की आड़ में अशिक्षित लोगों का धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। इस मामले को लेकर जल्द ही अधिकारियों से बात की जाएगी।
धर्म परिवर्तन की जानकारी नहीं है। मामले की जांच के लिए शासन की ओर से अल्पसंख्यक विभाग को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें अवगत कराकर जांच कराई जाएगी। - राजीव राज, एसडीएम