कानपुर। आंधी-बारिश में शनिवार को गई बिजली चाैथे दिन मंगलवार को भी पूरे शहर को नहीं मिल पाई है। 10 प्रतिशत इलाकों में अभी लोग परेशान हैं। वहीं, केस्को कर्मचारी मरम्मत कार्य में लगे हुए हैं। अभी भी व्यवस्था पूरी तरह से पटरी पर आने में करीब एक सप्ताह का समय लगने का अंदेशा जताया गया है।
आंधी-बारिश के तीसरे दिन चेन फैक्टरी चौराहा, शास्त्रीनगर, नमक फैक्टरी, गुमटी प्लाजा, कंपनी बाग, दर्शनपुरवा उपकेंद्रों में गिरे पेड़ हटाने और मरम्मत कार्य रात तक जारी रहा। मंगलवार को इन सभी जगहों पर 11 केवी एलटी लाइन चालू कर दी गई। इसके बाद भी विजयनगर, दर्शनपुरवा के कुछ इलाकों, फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र सहित करीब तीन दर्जन मोहल्लों में आपूर्ति बहाल करने में देर रात हो गई। अभी भी केस्को कर्मी कई जगह पोल सीधे करने और एलटी केबल जोड़ने में लगे हैं। केस्को ने इसमें 1.60 करोड़ के नुकसान का अनुमान लगाया है।
किदवईनगर, गुमटी नंबर-5, गोविंदनगर, लाजपतनगर, शास्त्रीनगर, नवाबगंज, बर्रा, गोविंदनगर सहित शहर के करीब 56 मोहल्लों में आपूर्ति बहाल करने के बाद भी सोमवार रात से मंगलवार तक बिजली की आंख-मिचौली चलती रही। दो से चार घंटे में बार-बार बिजली आती-जाती रही। अभी भी दादानगर कच्ची बस्ती में आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। यहां पेड़ हटने के बाद केस्को ने मरम्मत कार्य शुरू किया है।
वर्जन
आंधी-बारिश के बाद अब पूरे शहर की बिजली आपूर्ति बहाल हो गई है। अब पोल सीधे करने और एलटी लाइन पर काम चल रहा है जिस वजह से कुछ मोहल्ले प्रभावित हैं। हालांकि, मरम्मत कार्य पूरा होने में अभी भी करीब एक हफ्ते का समय लग सकता है क्योंकि कई गलियों में अभी काम कराया जाना बाकी है।
- देवेंद्र कुमार वर्मा, मीडिया प्रभारी, केस्को