झींझक। खमहैला फीडर में हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से 33केवी लाइन ब्रेक डाउन हो गई। जिससे कस्बा समेत सौ गांवों की बिजली सप्लाई करीब चार घंटे तक ठप रही। विद्युत कर्मियों ने तार की मरम्मत की, जिसके बाद सप्लाई बहाल हो सकी।
शंकरगंज मोहल्ले के विद्युत उपकेंद्र से जुड़े खमहैला फीडर की हाईटेंशन लाइन का तार विद्युत उपकेंद्र के पास गुरुवार को टूट गया। इससे 33केवी लाइन में फाल्ट हो गया। जिससे उपकेंद्र से जुड़े झींझक कस्बा के अलावा करियाझाला, जलिहापुर, खमहैला, जुरिया, रामपुर, कमलाबाग, गढ़ी, महेरिया, सुनाथा, राजपुर समेत एक सैकड़ा गांवों की बिजली सप्लाई गुरुवार की सुबह 10 बजे ठप हो गई।
सूचना पर पहुंचे विद्युत कर्मियों ने टूटे तार को जोड़ा। 33केवी लाइन के फाल्ट को ठीक करने के बाद दो बजे विद्युत सप्लाई दोबारा बहाल हो सकी। कस्बे के जितेंद्र शर्मा, अमित गुप्ता, आनंद वर्मा, हरीशंकर तिवारी आदि का कहना है कि आए दिन फाल्ट होने से उमस भरी गर्मी में परेशान होना पड़ता है। सबसे अधिक समस्या पानी को लेकर होती है।
फिर भी बिजली विभाग के अधिकारी स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं देते। वहीं जेई आरबी बाथम ने बताया कि विद्युत तार टूटने से 33केवी लाइन ब्रेक डाउन हो गई थी। मरम्मत के बाद दोबारा आपूर्ति शुरू करा दी गई है।