कानपुर। सरसौल विकासखंड के थरेपाह गांव के मजरा टीकर कान्ह में घटिया सड़क निर्माण से ग्रामीणों का गुस्सा है। रविवार को ग्रामीणों ने प्रधान शेष कुमार तिवारी के नेतृत्व पर सड़क उखाड़ दी थी। जिला पंचायत के ठेकेदार ने दूसरे दिन सोमवार को आधी सड़क का पैचवर्क कराकर छोड़ दिया। वहीं, जेई खराब सड़क के दुरुस्तीकरण कराने की बात कहकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि जिला पंचायत निधि से बनाई जा रही करीब 500 मीटर सड़क शुरू होने से पहले ही उखड़ने लगी थी। बजरी जगह-जगह से बाहर आ रही थी और ठेकेदार रोज झाड़ू लगवाकर खराबी छुपाने की कोशिश कर रहा था। सोमवार को पहुंचे जेई सत्येंद्र कुमार ने ग्रामीणों को समझाकर किसी तरह शांत कराया और सिर्फ खोदी गई सड़क का करीब 40 मीटर हिस्सा ही बनवाया।
आरोप है कि सड़क का बड़ा हिस्सा अब भी खस्ताहाल पड़ा है। गांव के अनिल त्रिपाठी ने बताया कि नई सड़क बनने के बावजूद पुरानी जैसी है। पैचवर्क केवल दिखावे के लिए किया गया है।
नरवल क्षेत्र के जिला पंचायत सदस्य मनोज यादव ने बताया कि उन्हें इस सड़क निर्माण की कोई जानकारी ही नहीं है। जिला पंचायत निधि से काम होने के बावजूद हमें जानकारी तक नहीं दी जाती है। न साइन बोर्ड लगाया गया और न ही सूचना दी।
वर्जन-
सड़क में घटिया निर्माण होने की जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी। घटिया निर्माण मिलने पर ठेकेदार से दोबारा बनवाएंगे।
स्वप्निल वरुण, जिला पंचायत अध्यक्ष