कानपुर। गोल चौराहा से रामादेवी चौराहे तक एलिवेटेड ट्रैक का निर्माण इसी वर्ष शुरू कर दिया जाएगा। जल्द ही शिलान्यास भी होगा। रविवार को यह आश्वासन केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद रमेश अवस्थी को दिया है।
सांसद ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने आश्वस्त किया है कि कानपुर की यातायात समस्या समाधान के लिए केंद्र सरकार इस परियोजना को प्राथमिकता देगी। उन्होंने गडकरी को बताया कि 11 किमी लंबे एलिवेटेड ट्रैक की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है। प्रदेश सरकार की ओर से डीपीआर रिपोर्ट केंद्र सरकार को भी भेजी जा चुकी है। सांसद ने बताया कि मरियमपुर चौराहे से सचान चौराहे तक एलिवेटेड रोड के लिए डीपीआर तैयार करने का कार्य प्रदेश सरकार के निर्देश पर राज्य सेतु निगम कर रहा है। केंद्रीय मंत्री को बताया कि महानगर में विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री ने भी प्राथमिकता पर कार्य कराने की बात कही है।