उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस अपराधियों पर शिकंजा तो कस ही रही है। साथ ही, लोगों की मदद कर अच्छी छवि भी बना रही है। ऐसे ही दो मामले शनिवार को सामने आए हैं। एक में सिपाही ने गड्ढे में गिरी बच्ची को बचाया। वहीं, दूसरे में इंस्पेक्टर ने वृद्धा को चप्पल पहनाई और नाश्ता कराया।
कानपुर में पुलिस ने ऐसा काम किया है, जिसकी लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। दरअसल, पनकी मंदिर में दर्शन करने गई बच्ची के गड्ढे में गिरने पर सिपाही ने उसकी जान बचाई है। तो वहीं, सचेंडी थाने पहुंची वृद्धा को देख इंस्पेक्टर ने उन्हें चप्पल पहनाई, नाश्ता कराया और कार्रवाई का आश्वासन देकर घर भेजा।
विज्ञापन
पनकी मंदिर चौकी इंचार्ज मनोज कुमार के अनुसार शनिवार को नानकारी निवासी युवक अपनी पांच वर्षीय बच्ची संग दर्शन करने आए थे। बच्ची खेलते हुए मंदिर के बाहर पहुंच गई और गड्ढे में गिर गई। तभी चौकी पर तैनात सिपाही अनिल ने सक्रियता दिखाते हुए उसे सकुशल निकाल कर उसे खोज रहे पिता के सुपुर्द किया।
वहीं, सचेंडी थाने में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में वृद्धा पेंशन रुकने की शिकायत लेकर सोनादेवी (82) नंगे पांव थाने पहुंचीं। इंस्पेक्टर प्रद्युमभन सिंह ने पहले उन्हें नई चप्पलें बाजार से खरीद कर पहनाईं। नाश्ता कराने के बाद प्रधान व सचिव से बातकर उनकी समस्या का जल्द निस्तारण करने का आश्वासन दिया।