कानपुर। पनकी पावर हाउस प्लांट में मुख्यमंत्री के निरीक्षण के दौरान पुलिस ने पनकी निवासी फुटवियर डाई व्यापारी को नजरबंद रखा। व्यापारी के मुताबिक पुलिस को डर था कि कहीं व्यापारी मुख्यमंत्री से मिलकर जेवर बरामदगी के मामले की शिकायत न कर दे।
सुबह 9 बजे पनकी थाने के दारोगा चंद्रशेखर व्यापारी के घर पहुंचे और 3 बजे तक व्यापारी के घर से लेकर कारखाने तक साथ ही रहे। व्यापारी को बताया गया कि आपको मुख्यमंत्री से मिलने से रोकने का आदेश मिला है। बता दें ,22 फरवरी को व्यापारी का नाबालिग बेटा अपने आठ साथियों के साथ घर से 21 लाख रुपए नकदी सहित एक करोड़ के जेवर लेकर भाग निकला था। पुलिस ने व्यापारी के बेटे और उसके दोस्तों को कल्याणपुर के होटल से गिरफ्तार कर लगभग 4 लाख रुपये और जेवर बरामद किया था। व्यापारी के बेटे ने 14 लाख रुपए और जेवर बरामदग होने की बात बताई थी। इसके बाद व्यापारी ने पुलिस पर जेवर और नकदी हड़पने का आरोप लगाया था और इसकी शिकायत आईजीआरएस और पुलिस कमिश्नर से की थी।