फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सांड ने वृद्धा को पटककर मार डाला: खाना बनाकर लौट रही थी महिला, 4000 से ज्यादा हैं छुट्टा जानवर, जानिए मामला

Sat, 22 Jul 2023 09:06 AM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

सार

Kanpur News: कानपुर शहर में छुट्टा घूम रहे चार हजार से ज्यादा मवेशी शहरवासियों की जान के लिए खतरा बने हैं। यातायात प्रभावित होने के साथ ही इनकी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं।
विज्ञापन
सांड ने वृद्धा को पटककर मार डाला - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कानपुर नगर निगम भले ही छुट्टा गोवंशों को पकड़ने का दावा कर रहा हो, लेकिन सड़कों पर घूम रहे ये गोवंश लोगों की जान ले रहे हैं। बादशाहीनाका मंडी के पास गुरुवार रात कविता तिवारी (62) को सांड ने पटककर अधमरा कर दिया। इलाकाई लोगों ने सांड को भगाकर कविता को उर्सला में भर्ती कराया। यहां शुक्रवार सुबह उनकी मौत हो गई। घटना के बाद से स्थानीय लोगों में गुस्सा है।

विज्ञापन

कविता तिवारी भतीजे सुमित के साथ जवाहरनगर में रहती थीं। सन 1994 में उनके पति प्रमोद तिवारी की शुक्लागंज में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है। भतीजे सुमित ने बताया कि चाची कविता 15 साल से घंटाघर निवासी गल्ला कारोबारी रसिक बिहारी के यहां खाना बनाने का काम करतीं थीं। गुरुवार को वह खाना बनाकर रात करीब 10 बजे घंटाघर से लौट रही थीं।
तभी बादशाहीनाका मंडी के पास सांड ने हमला कर दिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने उन्हें गंभीर हालत में उर्सला में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने उनके चेहरे और नाक के पास टांके लगाए। शुक्रवार सुबह जब परिजन उनकी तलाश में बादशाहीनाका थाने पहुंचे, तो पुलिस ने एक बुजुर्ग महिला को उर्सला अस्पताल में भर्ती कराने की बात कही। परिजन उर्सला पहुंचे तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

विज्ञापन

सांड के हमले से इनकी भी हुई मौत

  • 5 नवंबर 2018 : बिधनू के दलेलपुरवा में खेत की रखवाली करने गए बुजुर्ग कथई की सांड के हमले से मौत।
  • 18 जुलाई 2018 : बिठूर के ईश्वरीगंज बाजार में सांड के हमले से बुजुर्ग सूरज प्रसाद की मौत।
  • 19 जून 2019 : शास्त्रीनगर के तिकोेनिया पार्क में गाय को रोटी खिलाने गए बुजुर्ग राजेंद्र कुमार को सांड ने पटक पटक कर मार डाला।
  • 29 अप्रैल 2023 : काकादेव के ओम चौराहे पर दो सांडों की लड़ाई में बहराइच के रायपुर निवासी ई रिक्शा चालक विमल कुमार की मौत।

इन इलाकों में आवारा गोवंश का ज्यादा आतंक
हरबंशमोहाल, लोकमनमोहाल, सुतरखाना, घसियारी मंडी, हूलागंज, धनकुट्टी, बादशाही नाका, पटकापुर, फीलखाना, कराचीखाना, ग्वालटोली, सूटरगंज, गांधीनगर, गुमटी, किदवईनगर, बारादेवी, बर्रा, गोविंदनगर, श्यामनगर, रामादेवी, केशवपुरम, विजयनगर, कल्याणपुर आदि।

शहर में चार हजार से ज्यादा छुट्टा जानवर
कानपुर शहर में छुट्टा घूम रहे चार हजार से ज्यादा मवेशी शहरवासियों की जान के लिए खतरा बने हैं। यातायात प्रभावित होने के साथ ही इनकी वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। कई लोगों की जान भी जा चुकी है, लेकिन नगर निगम शहरवासियों को इनसे निजात नहीं दिला पा रहा है।

कैटल कैचिंग दस्ते पर हमला, एफआईआर
बादशाहीनाका में जहां एक दिन पहले सांड के हमले से महिला की मौत हुई, वहां सत्तारूढ़ पार्टी के ही कुछ नेताओं की शह पर सब्जीमंडी, रंजीतपुरवा, गुलियाना, धनकुट्टी में अवैध रूप से चट्टे संचालित किए जा रहे हैं। धनकुुट्टी में ध्वस्त हुए जच्चा बच्चा अस्पताल परिसर में भी एक चट्टा संचालक का कब्जा है, जो वहां रोज सुबह-शाम मवेशियों को दूध निकालने के बाद छोड़ देता है।

छुड़ा लिए थे पकड़े गए मवेशी भी
फरवरी में महापौर प्रमिला पांडेय के मौके पर जायजा लेने के बाद नगर निगम कैटल कैचिंग विभाग ने प्रवर्तन दस्ते और बादशाहीनाका पुलिस के सहयोग से वहां अभियान चलाकर कुछ छुट्टा मवेशी पकड़े थे। इसका पता चलते ही भाजपा के कलक्टरगंज मंडल स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित अन्य ने बादशाहीनाका थाने के सामने ही कैटल कैचिंग दस्ते को घेरकर पथराव किया था। पकड़े गए मवेशी भी छुड़ा लिए थे।

कान्हा उपवन, नंदीशाला में क्षमता से ज्यादा मवेशी
शहरवासियों को छुट्टा मवेशियों से निजात दिलाने के लिए बने कान्हा उपवन और नंदीशाला में क्षमता से ज्यादा मवेशी बंद हैं। तीन साल पहले किशनपुर (चकेरी) में बनाए गए कान्हा उपवन की क्षमता तीन हजार मवेशियों की है, पर इसमें क्षमता से डेढ़ गुना से भी ज्यादा करीब 4600 मवेशी बंद हैं। इनमें गाय, नंदी शामिल हैं। पनकी में बने नंदीशाला में 1300 नंदी हैं।

राधा उपवन से राहत की उम्मीद
नगर निगम ने कान्हा उपवन के बगल में करीब तीन करोड़ की लागत से राधा उपवन के निर्माण के लिए टेंडर करा लिए हैं। नगर निगम जोन-2 के अधिशासी अभियंता ने अगस्त से निर्माण शुरू कराने का दावा किया है। इससे शहरवासियों की छुट्टा मवेशियों से निजात मिलने की संभावना है।
विज्ञापन

बादशाहीनाका में महिला पर हमला करने वाले सांड को पकड़ लिया गया है, उसे पनकी नंदीशाला भेजा गया है। नगर निगम पांच कैटल कैचिंग वाहनों के माध्यम से रोज 20 से 25 मवेशी पकड़े जा रहे हैं।  -डॉ. आरके निरंजन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें