जिला अस्पताल स्थित बीएसएल-2 लैब। (संवाद)
- फोटो : AKBARPUR
कानपुर देहात। जिला अस्पताल परिसर स्थित बीएसएल टू लैब में कोरोना जांच की क्षमता अब दो गुनी कर दी गई है। अब लैब में प्रतिदिन दो सौ लोगों के सैंपलों की जांच की जाएगी। वहीं सैंपल देने के कुछ ही घंटों के बाद मरीज को रिपोर्ट भी मिल जाएगी।
जिला अस्पताल में बीएसएल टू (कोविड) लैब का तीन माह पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने लोकार्पण किया था। इसके साथ ही लैब में 50 सैंपलों की जांच शुरू कर दी गई थी। पिछले माह मशीन के सेंसर के काम नहीं करने की वजह से यहां जांच ठप हो गई थी।
इसके कई दिन बाद मुंबई से आए इंजीनियरों ने मशीनों को ठीक कर फिर से जांच शुरू कराई थी। इसके बाद से जिला अस्पताल में 100 सैंपलों की जांच भी शुरू कर दी गई थी। वहीं अब जांच की संख्या बढ़ाकर 200 कर दी गई हैं।
इसके साथ ही प्राइवेट लैब की तर्ज पर बीएसएल टू लैब में जांच के बाद रिपोर्ट छह घंटे में आ जाएगी। इससे आकस्मिक चिकित्सा के लिए आने वाले मरीजों को सीधे लाभ होगा। मालूम हो कि जिले में प्रतिदिन आरटीपीसीआर जांच के लिए करीब एक हजार लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
जिला अस्पताल की लैब की क्षमता कम होने से सैंपल की जांच लखनऊ के केजीएमयू और कानपुर के जीएसवीएम में कराई जाती है। वहां से रिपोर्ट आने में दो से तीन दिन का समय भी लग जाता।
बीएसएल टू लैब में कोरोना जांच की क्षमता बढ़ा दी गई है। अब लैब में हर रोज 200 सैंपलों की जांच कराई जा रही है। भविष्य में लैब की क्षमता और भी बढ़ाई जाएगी। - डॉ. एके सिंह, सीएमओ।