कानपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर हैलट में अस्थायी बर्न यूनिट रविवार से शुरू होगी। इसके सर्जरी विभाग में आठ बेड और वार्ड नंबर एक में चार बेड आरक्षित हैं।
शनिवार को बर्न यूनिट में फाल्स सीलिंग और फ्लोरिंग कर दी गई। कोलेजन ड्रेसिंग, उपकरणों आदि की व्यवस्था भी कर दी गई है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला ने अस्थायी बर्न यूनिट की स्थिति देखी। उन्होंने बताया कि यूनिट 30 अक्तूबर तक चलेगी। इसमें पटाखों के विस्फोट और आग से झुलसे रोगियों के लिए इलाज की व्यवस्था रहेगी। डॉ. काला ने बताया कि वैसे हर विभाग की एक यूनिट काम पर रहती है। त्योहार के मद्देनजर एक बैक अप यूनिट भी बना ली गई है। हर विभाग में दो-दो यूनिटें काम करेंगी।