सचेंडी थानाक्षेत्र में एक किशाेरी का शव सोमवार तड़के घर से 100 मीटर दूर पेड़ से लटकता मिला। सोमवार तड़के शौच के लिए गए पिता ने बेटी का शव देख पुलिस को सूचना दी। किशोरी के भाई ने एक युवक पर काफी दिनों से परेशान करने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है।
मूलरूप से जालौन के कोंच निवासी 17 वर्षीय किशोरी अपने परिवार के साथ सचेंडी में रहकर एक ईंट भट्ठे पर काम करती थी। किशोरी के भाई ने बताया कि रविवार रात पूरा परिवार खाना खाने के बाद सोने चला गया। सोमवार सुबह जब उसके पिता शौच के लिए निकले तो घर से 100 मीटर दूर एक पेड़ पर किशोरी का शव रस्सी के सहारे लटकता मिला।
पिता के शोर मचाने पर परिजन और ग्रामीण जुटे। सूचना पर फॉरेंसिक टीम संग मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई ने आरोप लगाया कि धर्मंगतपुर का रहने वाला युवक काफी समय से उसकी बहन को परेशान कर रहा था। लोकलाज के डर से बहन ने कभी बताया नहीं। परिजनों ने उस युवक पर किशोरी की हत्या कर शव फंदे पर लटकाए जाने का आरोप लगाया है।
सचेंडी थाना प्रभारी दिनेश सिंह बिष्ट के अनुसार परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है। पूछताछ में पता चला कि हाल में गांव के ही एक युवक ने किशोरी को उस युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा था। इसके बाद परिजनों ने दोनों को फटकार लगाई थी। युवक पास के ही एक भट्ठे में काम करता है। पुलिस उस युवक से पूछताछ कर रही है।