कानपुर देहात। प्रेरणा एप के विरोध में जूनियर शिक्षक संघ ने सोमवार को बीएसए दफ्तर में धरना देकर ज्ञापन सौंपा। शिक्षकों ने कहा कि एप के प्रयोग से उनकी निजता भंग होने का खतरा रहेगा। शिक्षक नेताओं ने कहा कि एप पूरी तरह से सुरक्षित नहीं है। शिक्षकों ने नारेबाजी करने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा।
धरने को संबोधित करते हुए जूनियर शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह राजावत ने कहा कि सरकार शिक्षकों पर अविश्वास कर रही है, जबकि शिक्षक अपने दायित्वों का निर्वहन करने के साथ सरकार के अन्य कामों में सहयोग करते हैं। शिक्षण कार्य के अलावा उनसे बीएलओ, चुनाव ड्यूटी, एमडीएम संचालन जैसे काम लिए जा रहे हैं। मंडलीय मंत्री शैलेश त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षकों का निजी डाटा भी एप के माध्यम से शेयर हो जाएगा। गूगल सर्विस से संबंधित सभी गतिविधियों की जानकारी एप पर सुरक्षित हो जाएगी। यह कानून के विरुद्ध होने के साथ शिक्षकों के मूल अधिकारों का हनन भी है। बिना किसी सूचना के एप से डाटा लिया जाएगा इससे उनका निजी डाटा भी शेयर हो जाएगा। कहा कि एप को लॉगइन करने व इंस्टाल करने में व्यक्तिगत जानकारी भी देनी होगी। शिक्षकों ने एप का विरोध करते हुए नारेबाजी की। प्रेरणा एप में शिक्षकों को सुबह प्रार्थना के समय व दोपहर में भोजन के समय बच्चों के साथ व छुट्टी के समय फोटो लेकर अपलोड करनी है। शिक्षकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन बीएसए की गैर मौजूदगी में खंड शिक्षा अधिकारी अमर सिंह वर्मा को सौंपा। इस मौके पर संजय सचान, राहत अली, धीरेंद्र सिंह, दिनेश चतुर्वेदी विद्या कुशवाहा, राधा शुक्ला, निधि सिंह आदि शिक्षक मौजूद रहे।
-------------