डेरापुर। थाना क्षेत्र के मुंगीसापुर मार्ग पर नन्थू गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कुढ़ावल निवासी टैंकर चालक की मौत हो गई। रविवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे वह घर से मित्र की बाइक लेकर मुंगीसापुर के लिए निकला था। उसने हेलमेट नहीं लगाया था। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
कुढ़ावल गांव निवासी राम जी पाल (24) शुक्रवार की रात टैंकर लेकर गांव आया था। इसके बाद रविवार दोपहर बाइक से मुंगीसापुर जाते समय अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। जानकारी पर परिजन पहुंचे और उसे सीएचसी ले गए। वहां डॉ. अशोक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इस पर मां अर्चना, बड़ा भाई बाबू, छोटा भाई ओमी, बहन मंजू पाल रोने बिलखने लगे। मृतक के भाई बाबू ने बताया कि नन्थू गांव के पास हादसा हुआ। चौकी प्रभारी शिव शंकर सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।