स्वाइन फ्लू के संदिग्ध छात्र को मंगलवार को आईडीएच और हैलट के बीच चक्कर लगवाया गया। बाद में मरीज को उर्सला रेफर कर दिया गया। किसी तरह उर्सला में मरीज को भर्ती किया गया। लेकिन काफी देर तक उसे इलाज नहीं मिला। मनोज मिश्र का बेटा अंचल मिश्र (18) इंटर का स्टूडेंट है।
इस समय उसके एग्जाम चल रहे हैं। तीन दिनों से अंचल को बुखार, सर्दी-जुकाम और खांसी है। परिजनों ने प्राइवेट डॉक्टर को दिखाया। आराम न होने पर डॉक्टर ने अंचल को हैलट रेफर कर दिया। मंगलवार सुबह अंचल की निराला नगर निवासी बुआ निर्मला दुबे उसे लेकर हैलट पहुंचीं।
पर्चा बनवाकर उन्होंने मेडिसिन के डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने अंचल को स्वाइन फ्लू की जांच को उर्सला भेज दिया। डॉक्टर ने पर्चे पर मुहर तक नहीं लगाई। बुआ निर्मला का कहना है कि अंचल के लक्षण देख डॉक्टर ने उसे उर्सला ले जाने को कहा। जब उसने कहा कि आईडीएच में भर्ती कर लें तो डॉक्टर ने मना कर दिया।
बोले कि जांच उर्सला में ही होगी। उर्सला में भी उसे काफी भटकाया गया। हैलट के सीएमएस डॉ. सीएस सिंह ने कहा कि मरीज सीरियस नहीं रहा होगा इसलिए उर्सला भेजा गया होगा। आईडीएच में वर्कलोड कम करने को ऐसा किया जा रहा है। जांच में यदि स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो जाएगी तो मरीज को दोबारा आईडीएच में भर्ती कर लिया जाएगा।