व्यापमं घोटाले में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के 2013 बैच के स्टूडेंट शेर बहादुर वर्मा को भोपाल एसटीएफ ने मंगलवार को पूछताछ के बाद भोपाल में ही गिरफ्तार कर लिया। इधर एसटीएफ ने 2010 बैच के स्टूडेंट बसंत कुमार को नौ मार्च को भोपाल में हाजिर होने का नोटिस दिया है।
शेर बहादुर वर्मा मंगलवार सुबह पूछताछ के लिए भोपाल एसटीएफ के सामने हाजिर हुआ था। कई सवालों में वह अटका तो एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार कर लिया। उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
उधर भोपाल के कोहेफिजा थाने के इंस्पेक्टर मनीष मिश्रा कुछ दिन पहले गिरफ्तार मेडिकल स्टूडेंट लवलेश सिंह को लेकर जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने लवलेश के रूम की तलाशी ली और कुछ कॉपियों को जब्त किया है। इसके बाद टीम ने लवलेश का मूल रिकॉर्ड मांगा।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बसंत कुमार को नोटिस रिसीव करा दिया है। बसंत कुमार सॉल्वर बताया जा रहा है। हालांकि बसंत का एग्जाम चलने के कारण कॉलेज प्रशासन एसटीएफ से पूछताछ के लिए दूसरी तिथि निर्धारित करने के लिए बात करेगा।
अब तक 16 स्टूडेंट्स गिरफ्तार
व्यापमं घोटाले में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के 16 स्टूडेंट्स अब तक गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें से कुछ को जमानत मिली है, लेकिन ज्यादातर जेल में बंद हैं। जांच कर रही एसटीएफ और एसआईटी ने अब तक 43 मेडिकल स्टूडेंट्स को नोटिस भेजा है। इनमें से 10 से ज्यादा स्टूडेंट काफी समय से कॉलेज से गायब बताए जा रहे हैं।