औरैया के दिबियापुर में दो दिन पहले इंडोनेशिया से लौटी एक महिला को खांसी जुकाम की शिकायत पर कोरोना वायरस का संक्रमण होने के संदेह में आ गई। महिला को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही नाक एवं गले का सैंपल लेकर केजीएमसी लखनऊ भेजा गया।
महिला से मिलने वाले विभागीय 4-5 कर्मियों को घर पर ही अलग रहने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने निर्देशित किया है। दिबियापुर में एक संयंत्र परिसर में काम करने वाली महिला कर्मचारी दो दिन पहले इंडोनेशिया से लौटी है। सोमवार को सुबह महिला कर्मचारी ने अपने विभाग के अधिकारी को खांसी जुकाम की शिकायत की।
इस पर आनन-फानन संयंत्र के सीएमओ को जानकारी दी गई। संयंत्र के सीएमओ ने जिले के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जानकारी दी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने तुरंत संयंत्र के आवासीय परिसर में स्थित अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में महिला को भर्ती करने के लिए कहा।