कानपुर। छत्रपति शाहूजी महाराज विवि के छात्र समर्थ पोर्टल पर कई समस्याओं से जूझ रहे हैं। 22 अप्रैल से सम सेमेस्टर की परीक्षाएं होनी हैं, लेकिन अभी भी हजारों छात्र फाॅर्म नहीं भर सके हैं। वहीं, हजारों छात्रों को अपने पहले सेमेस्टर के परिणाम के बारे में भी जानकारी नहीं है। विवि के अधिकारी जल्द ही समस्याओं को दूर करने का आश्वासन दे रहे हैं।
उत्तर प्रदेश स्ववित्तपोषित महाविद्यालय एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय त्रिवेदी ने बताया कि छात्रों और कॉलेजों की परेशानियों से परीक्षा नियंत्रक को अवगत कराया गया है। परीक्षा फॉर्म भरने में तो पोर्टल में तमाम समस्याएं आ ही रही हैं। करीब 250 महाविद्यालयों का स्नातक प्रथम सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हुआ।
इससे लगभग 75 हजार छात्र परेशान है। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों से मुलाकात की जा रही है। पिछले 10 दिनों से एक-दो दिन में परीक्षा परिणाम घोषित करने का आश्वासन दिया जा रहा है। परीक्षा नियंत्रक राकेश कुमार का कहना है कि छात्र परेशान न हो, सभी समस्याओं का समाधान कर दिया जाएगा।