वर्कआउट एंड ग्राइंडिंग मशीन के बारे में बताते छात्र मो. हुसैन व साइकिल चलाते अनिल कुशवाहा
- फोटो : अमर उजाला
कानपुर के राजकीय पॉलिटेक्निक के छात्रों ने एक ऐसी आटा चक्की बनाई है, जिसे साइकिल की तरह चलाने पर गेहूं पिस जाएगा। इससे दो फायदे होंगे, एक तो कसरत हो जाएगी दूसरी बिजली भी बचेगी। यह मॉडर्न वर्क आउट एंड ग्राइंडिंग मशीन छात्र अमन शर्मा, प्रियंका शर्मा, शौर्य वर्मा, मो. हुसैन और अनिल कुशवाहा ने बनाई है। छात्रों ने इस मॉडल को शनिवार को आयोजित वार्षिकोत्सव उमंग-2020 में प्रदर्शित किया।
मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री कमलरानी वरुण और विशिष्ट अतिथि विशेष सचिव प्राविधिक शिक्षा सुनील कुमार चौधरी ने वार्षिकोत्सव का उद्घाटन किया। छात्रों के मॉडल देखने के बाद मुख्य अतिथि ने कहा कि यह संस्था प्राविधिक शिक्षा निदेशालय के नजदीक है। निदेशक प्राविधिक शिक्षा से अपेक्षा है कि इस संस्था को सेंटर फॉर एक्सीलेंस की ओर ले जाने का प्रयास करें। इस मौके पर संस्थान के निदेशक प्राविधिक शिक्षा मनोज कुमार, संयुक्त निदेशक प्राविधिक शिक्षा डीएम सिंह. प्रधानाचार्य मुकेश चंद्र आनंद, प्रो. रचना अस्थाना और डॉ. ऋचा आदि मौजूद रहीं।