महोबा जिले के गांधीनगर में इंटरमीडिएट के छात्र ने पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर सीओ और कोतवाली प्रभारी ने घटनास्थल पहुंच बारीकी से जांच की। इकलौते बेटे की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
विज्ञापन
गांधीनगर निवासी लालजी सोनी का पुत्र श्रेयश (18) ने इस वर्ष सेंट जोसेफ इंग्लिश मीडियम स्कूल से इंटर पास की थी। वर्तमान में वह कंप्यूटर डिप्लोमा कर रहा था। शनिवार की सुबह पिता से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिससे नाराज श्रेयश ने कमरे में जाकर पिता की लाइसेंसी रिवाल्वर से कनपटी में गोली मार ली।
गोली की आवाज सुनकर परिजन कमरे की ओर दौड़ पड़े, लेकिन तब तक श्रेयश की मौत हो गई। गोलीकांड की सूचना मिलते ही सीओ रामप्रवेश राय, कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही रिवाल्वर बरामद कर जांच शुरू कर दी है।