कैंसर पीड़ित अब्दुल वारिस की मदद के लिए कानपुर नुक्कड़ नाट्य रंगकर्मी एसोसिएशन ने शुक्रवार को कौशिक पार्क कचहरी के पास नुक्कड़ नाटक खेला और जूता पालिश करके भीख भी मांगी।
कुछ रुपये जुटाए और अब्दुल वारिस को इलाज के लिए दे दिए। अब्दुल वारिस को मुंह का कैंसर है। वह इलाज कराने में सक्षम नहीं है। इसलिए सामाजिक संस्था ने आर्थिक सहायता का बीड़ा उठाया है।
संस्था के मनोराज चंद्रा और साथी कलाकार मुन्ना गौतम, नरगिस, मीना, राहुल, सागर ने शुक्रवार को भी नुक्कड़ नाटक खेला। इसके माध्यम से संदेश दिया कि धूम्रपान न करें। धूम्रपान ही कैंसर को बढ़ावा देता है।
लोगों से कहा अब्दुल वारिस को कैंसर सरीखी खतरनाक बीमारी ने जकड़ लिया है। इसकी आर्थिक सहायता करें। संस्था के सदस्यों के साथ वारिस का बेटा रहमान भी भीख मांगने लगा।
बता दें कि बड़ा चौराहा, शिक्षक पार्क और अब कौशिक पार्क के पास नुक्कड़ नाटक खेलकर, जूता पालिश और भीख मांगकर इस संस्था ने 3905 रुपये जुटा लिए हैं। शुक्रवार को सिर्फ 405 रुपये की आर्थिक मदद मिली।
मनोराज चंद्रा ने बताया कि यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। अगले सोमवार तक बार कचहरी परिसर में नुक्कड़ नाटक खेला जाएगा। अधिवक्ताओं से आर्थिक सहायता मांगकर कैंसर पीड़ित की मदद की जाएगी।