मूसानगर में मुगल रोड पर घूमते झुट्टा गोवंश व पास से गुजरते बाइक सवार।
- फोटो : संवाद
कानपुर देहात। शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में अन्ना मवेशियों का सड़कों पर डेरा है। हाईवे पर चहल कदमी रहने से आए दिन हादसे हो रहे हैं। इनके गले में रेडियम टेप लगने हैं, मगर बजट के अभाव में यह काम नहीं हो पा रहा है।
हादसे रोकने के लिए मवेशियों के गले में रेडियम टेप की बेल्ट लगाई जानी है। इसके लिए शासन से पशु पालन विभाग को निर्देश मिले हैं। इसके लिए कार्य योजना तो बनाई गई, लेकिन बजट न होने से आगे की प्रक्रिया रुकी हुई है। सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को रात के अंधेरे में वाहन चालक देख नहीं पाते, ऐसे में मार्ग दुर्घटना बढ़ रही हैं।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक जिले में करीब 10 हजार छुट्टा मवेशी सड़क पर घूमते नजर आते हैं। रात में यह झुंड बनाकर सड़क किनारे ही बैठ जाते है। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी सुबोध बर्नवाल ने बताया कि शासन से सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों के गले में रेडियम बेल्ट लगाने के निर्देश मिले हैं। बजट न होने से अभी अभियान नहीं चलाया जा रहा है। गोसंवर्धन योजना के मद से बजट खर्च करना है, लेकिन बजट न होने से समस्या हो रही है। डीएम से इस विषय पर चर्चा की गई है। जैसे निर्देश होंगे, उसी अनुसार कार्य किया जाएगा।