डेरापुर। कस्बे के कबीर नगर वार्ड में अनुदेशक के घर से चोरी हुए जेवर और रुपये घर के पीछे पॉलिथीन में पड़े मिले। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कस्बा के सीओ आवास के पास अनुदेशक किशन कुमार मंगलवार को घर में ताला बंद कर परिवार सहित मझगवां हवन पूजन करने गए थे। घर सूना पाकर चोर मकान का ताला तोड़कर साढ़े पांच लाख रुपये व ढाई लाख के जेवर पार कर ले गए। अनुदेशक की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी। वहीं, बुधवार की रात चोर चार लाख दो हजार रुपये व जेवरात पॉलिथीन में रखकर अनुदेशक के घर के पीछे डालकर पत्थर फेंकने लगे। अनुदेशक ने शोर मचाया। जब लोग घरों से बाहर निकले तो तीन संदिग्ध खेत की तरफ भागते देखे गए।
अनुदेशक ने पॉलिथीन उठाकर देखा तो जेवरात व रुपये थे, लेकिन चोरी की रकम से एक लाख 38 हजार रुपये कम थी। अनुदेशक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आसपास तलाश की, लेकिन चोरों का पता नहीं चल सका। दरोगा राकेश कुमार ने बताया कि घटना संदिग्ध लग रही है। जांच की जा रही है।