जूही ओ ब्लाक में मंगलवार को कब्जा ढहाने पहुंचे केडीए दस्ते का विरोध करने पर पुलिस ने सपा नेता और उनके परिवारी जनों पर लाठी चटका दी। इससे सपा नेता के पिता बेहोश हो गए।
पुलिस ने उन्हें अस्पताल भिजवाया और दोनों भाइयों को थाने ले गई। इसके बाद दस्ते ने सभी अवैध कब्जे ध्वस्त कर दिए। अधिशासी अभियंता लव कुमार का कहना है कि सपा नेता खाली प्लाट पर कब्जा कर बैट्री का कारखाना चला रहे थे। कहा जा रहा कि सपा नेता का परिवार पहले भी तीन बार कार्रवाई के विरोध में हंगामा कर चुका है।
हाईकोर्ट के आदेश पर केडीए दस्ता 13 प्लाटों पर अवैध कब्जों को ढहाने पहुंचा था। दस्ते ने जैसे ही कार्रवाई शुरू की, सपा युवजन सभा के छावनी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष नसद खां और उनके पिता नजीर खां ने एक प्लाट (1400 आराजी) पर अपना कब्जा दिखाते हुए विरोध शुरू कर दिया। हाथ में ईंट लेकर खड़े हो गए।
पुलिस ने पकड़ने की कोशिश की तो धक्कामुक्की करने लगे। इसमें सीओ बाबूपुरवा ज्ञानेंद्र सिंह मामूली रूप से चुटहिल भी हुए। इसके बाद सिपाहियों ने सपा नेता, उनके पिता और भाई अरशद पर लाठियां बरसाई। अधिशासी अभियंता के मुताबिक शाम तक अवैध कब्जे खाली करा लिए गए थे। कार्रवाई में एसीएम प्रथम योगेंद्र कुमार, केडीए के राकेश कुमार गुप्ता, अनिल कुमार सिंह और सहायक अभियंता विजय सिंह आदि मौजूद रहे।