घटना के बाद जानकारी करती पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
जालाैन के माधौगढ़ में जानवर बांधने को लेकर दो पक्षों में कुल्हाड़ी व लाठी-डंडे चल गए, जिसमें दोनों पक्षों के एक दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। चिकित्सक ने तीन गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दे दी है।
कोतवाल जेपी पाल का कहना है कि तहरीर आ गई है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव गोपालपुरा निवासी अनिल यादव पुत्र पुत्तू, उसके पुत्र पंकज, चचेरे भाई रणजीत व इंद्र यादव पुत्र प्रभुदयाल का बुआ के लड़के सुदामा पुत्र मतोले, रामकुमार पुत्र अशर्फी से शनिवार सुबह जानवर बांधने को लेकर कहासुनी हो गई।
देखते देखते दोनों पक्ष से कुल्हाड़ी लाठी डंडा चलने लगे। जिसमें अनिल यादव, पुत्र पंकज, पुत्री शालिनी, अनुष्का पत्नी अनिल, रणजीत पुत्र प्रभुदयाल, इंद्र सिंह पुत्र प्रभुदयाल दूसरे पक्ष के सुदामा पुत्र मतोले, रामकुमार व धर्मेंद्र पुत्र अशर्फी, गुड्डो पत्नी अशर्फी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
गंभीर रूप से घायल सुदामा, रामकुमार व दूसरे पक्ष के पंकज को चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों पक्ष के लोगों ने थाने में तहरीर दे दी है। कोतवाल जेपी पाल का कहना है कि सुदामा व अनिल का बीस वर्षों से मकान का विवाद चल रहा है। इसी के चलते जानवर बांधने पर विवाद हुआ। दोनों पक्षों ने तहरीर दी है। जांच में दोषियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेजा जाएगा।