नगर निगम सदन में मंगलवार को हुए कार्यकारिणी चुनाव में सपा को करारा झटका लगा। पार्टी के पार्षदों की क्रास वोटिंग, अमान्य वोटिंग की वजह से इसके एक प्रत्याशी राजेंद्र कटियार हार गए, हालांकि दो अन्य प्रत्याशियों ने जीतकर पार्टी की लाज बचाई।
रात तक चली वोटों की गिनती के बाद भाजपा के तीन प्रत्याशियों ने बाजी मारकर कार्यकारिणी में दबदबा बनाया। कांग्रेस के एक प्रत्याशी ने जीतकर पार्टी का खाता खोला।
नगर निगम कार्यकारिणी के छह सदस्यों के चुनाव के लिए सदन की बैठक पूर्वाह्न 11 बजे शुरू हुई, पर उस समय कोरम पूरा न होने से कार्रवाई शुरू नहीं हो पाई। साढ़े बारह बजे पुन: बैठक शुरू होते ही महापौर जगतवीर सिंह द्रोण ने सर्वसम्मति से चुनाव कराने पर जोर दिया।
इसके लिए तीनों पार्टियों के नेताओं को विचार-विमर्श के लिए 45 मिनट का समय दिया गया। समिति कक्ष में सपा पार्षद दल के नेता सोहेल अहमद, भाजपा पार्षद दल के उप नेता सत्येंद्र मिश्रा और कांग्रेस पार्षद दल के नेता अशोक तिवारी की बैठक हुई। हालांकि बातचीत का नतीजा सिफर रहा।
दरअसल भाजपा और सपा अपने तीन-तीन प्रत्याशी और कांग्रेस अपने दोनों प्रत्याशी जिताना चाहती थी, इसके चलते सहमति नहीं हो पाई। अल्पकालीन स्थगन के बाद 1:15 बजे पुन: सदन की कार्रवाई शुरू होते ही महापौर ने चुनाव कार्यक्रम घोषित किया। 1:35 से 2:35 तक नामांकनपत्र वितरित किए गए।
भाजपा पार्षद रमापति झुनझुनवाला, कैलाश पांडेय, सुमित सरोज, सपा के शमीम आजाद, राजेंद्र कटियार, राजकिशोर, कांग्रेस के जितेंद्र सचान, विप्लव भट्टाचार्य, सुनील कनौजिया और निर्दलीय चेतन चौहान ने नामांकन पत्र प्राप्त किए।
इनमें से सुनील कनौजिया ने पर्चा दाखिल नहीं किया, जबकि विप्लव ने नाम वापस ले लिया। शाम पौने पांच बजे से पौने सात बजे तक आठ प्रत्याशियों में से छह के चयन के लिए मतदान हुआ।
खास बात यह है कि सभी 110 पार्षदों और छह पदेन सदस्यों ने वोट डाले। सभी ने अपने पसंदीदा प्रत्याशियों को प्राथमिकता के आधार पर (फर्स्ट, सेकेंड, थर्ड आदि क्रम में) वोट दिए। छह चरणों में वोटों की गिनती शुरू हुई।
पहली प्राथमिकता के वोटों की गिनती में भाजपा के तीन, सपा के दो और कांग्रेस के इकलौते प्रत्याशी जितेंद्र सचान जीते। उन्हें पार्टी के 24 वोटों में से 16 वोटों से ही संतोष करना पड़ा।
निर्दलीय को मिला मात्र एक वोट
a इस चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी चेतन चौहान को सिर्फ एक वोट से तसल्ली करनी पड़ी।
सदन में वोटिंग, बाहर जोड़तोड़
a नगर निगम सदन की कार्रवाई के दौरान सुबह से ही नगर निगम मुख्यालय परिसर में वोटों के लिए जोड़तोड़ चलती रही। एक प्रत्याशी का चुनाव एक प्रत्याशी के भाई मैनेज कर रहे थे तो दूसरे का पार्षद दल के नेता, अन्य प्रत्याशियों के परिजन, दोस्त वोट मैनेज करने में जुटे थे। चर्चा है कि सात हजार से लेकर 25 हजार तक में वोट बिके।
पार्षद के जेठ वोट डलाने पहुंचे
a भाजपा पार्षद आशा गुप्ता के जेठ एवं पूर्व पार्षद अनुज गुप्ता शाम को उन्हें वोट डलाने के लिए सदन ले गए। मतदान के दौरान वह सदन पटल से लेकर परिसर में घूम-घूम कर प्रत्याशियों से लेकर अन्य पार्षदों से गुफ्तगू करते नजर आए।
विधायक ने कराई वीडियोग्राफी
a सदन में वोटिंग के दौरान एक पार्टी के विधायक ने वीडियोग्राफी कराई। वोटरों तक की वीडियो बनाई। चर्चा रही कि क्रास वोटिंग रोकने के लिए ऐसा किया गया।
कार्यकारिणी चुनाव के विजेता
पार्टी विजेता प्राप्त वोट
भाजपा कैलाश पांडेय 19
भाजपा रमापति झुनझुनवाला 16
भाजपा सुमित सरोज 15
सपा शमीम आजाद 17
सपा राजकिशोर 15
कांग्रेस जितेंद्र सचान 16