महोबा जिले में थाना श्रीनगर के बसौरा गांव में शराब के लिए पैसे न देने पर कलयुगी पुत्र ने मां की गला दबाकर हत्या कर दी, बचाने के दौरान पिता को भी पीटा। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। बसौरा गांव निवासी चंद्रबली अनुरागी घर पर किराना की छोटी दुकान किए है।
इसके अलावा वह मजदूरी भी करता है। उसका इकलौता पुत्र चंद्रशेखर शराब का आदी है। वह अक्सर शराब के लिए पैसे की मांग करता था, न देने पर मारपीट करता था। पिता चंद्रबली ने बताया कि बुधवार की सुबह नौ बजे चंद्रशेखर ने अपनी मां रामप्यारी (55) से शराब के लिए पैसे मांगे।
विरोध करने पर उसने मारपीट करते हुए मां का गला दबा दिया शोर सुनकर वह पहुंचे तो उसके साथ भी बेटे ने मारपीट की। गंभीर हालत में रामप्यारी को जिला अस्पताल लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।