कानपुर। साहब शहर में आशियाना बनाने का सपना अधूरा रह गया है। बिल्डर ढाई करोड़ रुपये लेकर भी प्लॉट नहीं दे रहा है। पिछले कई वर्षों से हम सब कब्जे के लिए चक्कर काट रहे हैं। जिंदगी भर की जमा पूंजी प्लॉट के नाम पर ठग लिए। अपनी पीड़ा लेकर 25 से अधिक लोग शनिवार दोपहर पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने बिल्डर पर धमकाने और गाली गलौज करने के आरोप लगाए।
ढकनापुरवा निवासी जहरून निशा ने बताया कि उन्होंने पिपरगवां में 100 गज प्लॉट के लिए हूलागंज स्थित हेवेन बिल्ड जोन प्रा.लि. के कार्यालय में आवेदन किया था। यह फर्म छोटे-छोटे प्लाट बेच रही थी। उनके प्लॉट की कीमत एक लाख 80 हजार रुपये थी। बिल्डर ने संपूर्ण राशि के भुगतान के बाद प्लाट पर कब्जा देने की बात कही थी। उन्होंने रुपये जमा कर दिए लेकिन उन्हें कब्जा नहीं दिया गया। आरोपियों ने उनके साथ अभद्रता व गाली गलौज की। बिल्डर ने कंपनी का कार्यालय बंद करने के साथ ही फोन उठाना भी बंद कर दिया है। उनके साथ मो. अफसर, सरताज, अनवर समेत कई और लोग भी धोखाधड़ी के शिकार हुए हैं। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने मामले की जांच डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी को दी है।