पाटन (उन्नाव)। बिहार थाना क्षेत्र के पिथुआखेड़ा गांव में शनिवार को ममेरे भाई की बरात की निकासी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में फौजी के सीने में गोली लग गई। इससे उसकी मौत हो गई। रिश्ते के बहनोई के लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद हर्ष फायरिंग करने वाला मौके से भाग गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है
पिथुआखेड़ा गांव निवासी रामपाल के बेटे रजनीश की शनिवार को रायबरेली के लालगंज क्षेत्र में बरात जानी थी। शाम लगभग सात बजे बरात निकासी की तैयारी शुरू हुई। इसी दौरान दरवाजे पर हर्ष फायरिंग शुरू हो गई। वहां मौजूद दूल्हे के फुफेरे फौोजी उज्जवल यादव (34) के सीने में गोली लग गई। इससे इसी थाना क्षेत्र के यशवंतखेड़ा निवासी शोभनाथ के बेटे उज्जवल यादव खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया। इससे लोगों में अफरातफरी मच गई। निकासी के दौरान दरवाजे पर मौजूद कई लोग मौके से भाग गए। घायल को परिजन लखनऊ ले गए। वहां एक अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चर्चा है कि नशे की हालत में रिश्ते के बहनोई रायबरेली के सरेनी थाना के मड़ईखेड़ा निवासी मूलचंद्र लाइसेंसी रिवाल्वर से हर्ष फायरिंग कर रहा था। घटना की जानकारी पर देर रात एसपी दिनेश त्रिपाठी, एएसपी शशिशेखर सिंह समेत कई पुलिस अफसर मौके पर पहुंचे और जांच की। एसपी ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए हैं।
पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित जगहों पर दबिश दे रही है। फौजी उज्ज्वल पटियाला में चार्ली बटालियन में तैनात था। वह शनिवार को ही छुट्टी पर गांव आया था। वह छह भाइयों में चौथे नंबर का था। उज्ज्वल की मौत से पत्नी सुशीला, बेटी अंशिका (13) व अनुष्का (10) का रो रोकर बुरा हाल है।