कानपुर। दीपावली को रोशन करने के लिए शहर में झालर के बाजार सज गए हैं। इस बार बाजार में पहली बार वाटरप्रूफ झालर लाइट आई है, जो बारिश में भी खराब नहीं होगी। मल्टीकलर झरना लैंप, क्रिस्टल बल्ब, गोल्डन लीफ, तोरण लाइट, बंदनवार और रजवाड़ा झूमर जैसे नए डिजाइन ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं। खास बात यह है कि बाजार में अब मेड इन इंडिया यानी देसी झालरों का दबदबा है। एक समय चीनी उत्पादों का बाजार पर कब्जा था, लेकिन अब देसी उत्पादों की मांग बढ़ रही है।
शहर का मनीराम बगिया बाजार झालरों का प्रमुख थोक केंद्र है। इसके अलावा गुमटी नंबर पांच, सीसामऊ, पीरोड, गोविंदनगर, चावला मार्केट, किदवईनगर, मेस्टन रोड, नवीन मार्केट, बर्रा, जूही, कर्रही, लालबंगला, आवास विकास और कल्याणपुर में भी दुकानें सज गई हैं। यहां से आसपास के जिलों में भी झालरों की आपूर्ति होती है। बाजार में मुंबई, कोलकाता, सूरत और दिल्ली में बने उत्पाद उपलब्ध हैं। कारोबारियों के मुताबिक, इस बार परंपरागत झालरों के मुकाबले फैंसी आइटमों की मांग अधिक है।
कारोबारी शुभम श्रीवास्तव ने बताया कि वाटरप्रूफ मल्टीकलर झालर पहली बार बाजार में आई है। इसमें बल्ब तार के साथ ही जुड़े हैं, जिससे इनके टूटने की आशंका कम है। ये बारिश में भी जलती रहेंगी। 40 मीटर की यह झालर 600 रुपये में बिक रही है। पर्दे जैसी मल्टीकलर झरना झालर 700 रुपये, 12 क्रिस्टल बल्ब वाली झालर 200 रुपये और 10 लड़ी वाली गोल्डन लीफ झालर 250 रुपये की है।
बाजार में मोर मुकुट, ओम, स्वास्तिक, दीपक और शुभ-लाभ वाली बंदनवार के साथ पटाखा झालर की भी मांग है। तोरण लाइट की एक जोड़ी 1100 रुपये और मल्टीकलर बंदनवार 250 रुपये में मिल रही है। 10 मीटर एमएमडी रोल 200 और 20 मीटर 400 रुपये का है। फाउंटेन लैंप 700 रुपये प्रति पीस में उपलब्ध है। इसके अलावा घूमने वाली दीया थाली, घूमने वाला कलश, रजवाड़ा झूमर और ट्यूब लाइट जैसी दिखने वाली हैंगिंग पिक्सल लाइट भी ग्राहकों को लुभा रही हैं। अलग-अलग रंगों की स्ट्रिप और एलईडी लाइटों की खूब बिक्री हो रही है।