शिवपाल सिंह ने कहा किसी से कुछ लिया नहीं है, सिर्फ दिया
- फोटो : अमर उजाला
सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव रविवार को दिवाली मनाने इटावा पहुंचे। उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा को रोकने के लिए सभी धर्मनिरपेक्ष दलों को एक साथ लाने का प्रयास किया जा रहा है।
कार से लखनऊ से इटावा आते समय सपा प्रदेश अध्यक्ष का रास्ते में सपाइयों ने स्वागत किया। बकेवर में हाईवे पर लखना के युवा सपा नेता सौरभ प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। शिवपाल सिंह ने पत्रकारों से कहा कि सपा धर्मनिरपेक्ष दलों के साथ गठबंधन के प्रयास में जुटी है। कुछ राजनीतिक दलों से इस संबंध में बात हो चुकी है और कुछ से बात चल रही है। इसका खुलासा बाद में किया जाएगा। प्रदेश में चुनाव के बाद सपा की सरकार ही बनेगी। परिवार में चल रहे घमासान के सवाल पर सपा प्रदेश शिवपाल सिंह कोई जवाब दिए बिना ही गाड़ी में बैठ गए। उनका स्वागत करने वालों में पूर्व जिलाजीत पं बैकुंठ पहलवान, बकेवर नगर पंचायत अध्यक्ष पति जनमेद सिंह यादव, अमित सोनी, दिलीप सविता सभासद मनोज तिवारी, लार्ड मदर पब्लिक स्कूल के प्रबंधक नूरुद्दीन सिद्दीकी, गुड्डू खलीफा, शराफत खान, रजनीश शर्मा, सहकारिता विभाग इटावा के अजय त्रिपाठी शामिल रहे।
किसी से कुछ लिया नहीं
सपा प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह ने कहा कि उन्होंने किसी से कुछ लिया नहीं है, सिर्फ दिया है। बकेवर में हाईवे पर स्वागत के दौरान करीबी बकेवर निवासी पूर्व जिलाजीत पं बैकुंठ पहलवान जब शिवपाल सिंह को माला पहनाने लगे तो इस पर उन्होंने उनके गले में ही माला डाल दी। शाम को वे अपनी पत्नी सरला यादव, पुत्र एवं पीसीएफ चेयरमैन आदित्य यादव अंकुर के साथ शहर में चौगुर्जी स्थित आवास पर पहुंचे। यहां उनसे मिलने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।