उन्नाव जिले के गंजमुरादाबाद नगर पुलिस चौकी के ग्राम नेवल में बुधवार रात असामाजिक तत्वों ने गांव के बाहर मौजूद मानशिला मंदिर के चबूतरे पर स्थापित दो फीट ऊंचे शिवलिंग को तोड़ दिया। सुबह जानकारी होने पर ग्रामीण एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पाकर मौके पर उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा बांगरमऊ और नगर पुलिस चौकी की पुलिस पहुंची। बाद में उपजिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान से नई मूर्ति लाकर लगाने के आदेश दिए। किसी भी अप्रिय घटना को देखते हुए गांव में पुलिस तैनात कर दी गई है।
ग्राम नेवल में बस्ती के बाहर पश्चिम दिशा में सैकड़ों वर्ष पुराना मानशिला मंदिर स्थापित है। जिसके चबूतरे पर दो फि ट ऊंचा पत्थर का शिवलिंग स्थापित था। जिसे बुधवार की रात असामाजिक तत्वों ने तोड़ दिया। गुरुवार सुबह इस घटना की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो सूचना ग्राम प्रधान रामेश्वर कुशवाहा को दी।
उन्होंने डायल 112 और नगर पुलिस चौकी को जानकारी दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लगा गया। सूचना पाकर मौके पर नगर पुलिस चौकी प्रभारी विजय कुमार, कोतवाल बांगरमऊ श्याम पाल, पुलिस क्षेत्राधिकारी गौरव त्रिपाठी और उपजिलाधिकारी अक्षत वर्मा पहुंचे।
जहां ग्राम प्रधान सहित दर्जनों ग्रामीणों के एक शिकायती पत्र सौंप कर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की। उपजिलाधिकारी अक्षत वर्मा ने ग्राम प्रधान से नई मूर्ति लाकर स्थापित करने के आदेश दिए।
ग्राम प्रधान द्वारा कानपुर से नई मूर्ति मंगाई गई। एसडीएम ने बताया कि किसी ने पत्थर के शिवलिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। उसी स्थान पर नई मूर्ति स्थापित करने की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान को सौंपी गई है। मामले का पटाक्षेप हो गया है।