जलमार्ग से गंगा यात्रा लेकर राजघाट पहुंचते प्रभारी मंत्री सतीश महाना और स्वागत को मौजूद श्रद्धालु
- फोटो : अमर उजाला
पिछले कुछ दशकों में गंगा का आदर करना छोड़ दिया गया था, इसलिए मां गंगा भी हमसे रूठ गईं थी। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर गंगा का आदर करना पुन: शुरू किया गया तो मां गंगा भी अविरल, निर्मल होकर बहने लगीं।
उक्त विचार प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री और जनपद के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने हरदोई में राजघाट पर गंगा यात्रा के पहुंचने पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। जनसभा के बाद राजघाट पर गंगा आरती भी की गई।
27 जनवरी को बिजनौर से शुरू हुई गंगा यात्रा गुरुवार शाम बिलग्राम तहसील क्षेत्र में गंगा किनारे राजघाट पर पहुंची। मोटर बोट के जरिये प्रभारी मंत्री सतीश महाना जलमार्ग से राजघाट पहुंचे। गंगा किनारे आयोजित जनसभा (जागरुकता सभा)में प्रभारी मंत्री ने कहा कि हर चीज आदर मांगती है।
आदर करेंगे तो दूसरा भी आदर देगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मां गंगा को अविरल, निर्मल बनाने का संकल्प लेकर उनका आदर शुरू किया गया तो मां गंगा भी कल-कल ध्वनि से बहने लगीं।
गंगा यात्रा के मौके पर हुई जनसभा को भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, सांसद जयप्रकाश, मल्लावां-बिलग्राम के विधायक आशीष सिंह आशू, सवायजपुर विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, संडीला विधायक राजकुमार अग्रवाल, नमामि गंगे के क्षेत्रीय संयोजक अशोक सिंह ने भी संबोधित किया। इस मौके पर सदर विधायक नितिन अग्रवाल, शाहाबाद विधायक रजनी तिवारी, जिला महामंत्री राजेश अग्रिहोत्री, गंगा विचार मंच के जिला संयोजक सुशील अवस्थी छोटे महाराज, भाजपा नेता प्रीतेश दीक्षित, राजाबक्श सिंह, अजय वाजपेई के अलावा जिलाधिकारी पुलकित खरे, एसपी अमित कुमार, सीडीओ निधी गुप्ता वत्स, अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह, उप निदेशक कृषि डा. आशुतोष मिश्र भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मनीष मिश्र ने किया।