पुलिस की गिरफ्त में केशव उत्तम।
- फोटो : पुलिस
कानपुर। हंसपुरम निवासी किशोरी समेत पांच लड़कियों के अश्लील वीडियो बनाकर उनको ब्लैकमेल करने के आरोपी केशव उत्तम को पुलिस ने शुक्रवार सुबह फतेहपुर के जहानाबाद स्थित उसके गांव लहुरी सराय से करीब पांच किमी दूर होटल से पकड़ लिया। वीडियो और ऑडियाे से सेक्स रैकेट चलाने की पुष्टि भी हो चुकी है। अमौली के कांस्टेबल ने आरोपी को पकड़वाने के लिए मुखबिरी की है। आरोपी के खिलाफ हंसपुरम निवासी आठवीं की छात्रा के पिता ने नौबस्ता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आरोपी कांस्टेबल की सूचना पर पुलिस जब केशव की गिरफ्तारी के लिए जहानाबाद स्थित होटल पहुंची तब केशव वहां अपने करीब 20 दोस्तों के साथ बैठा था। पुलिस के पहुंचने की सूचना पर उसने अपने चेहरे पर मास्क लगा लिया। इस दौरान वहां मौजूद युवक उसके पकड़े जाने का वीडियो बनाते रहे। आरोपी को लेकर पुलिस कर्मी नौबस्ता थाने पहुंचे।
यहां आरोपी ने बताया कि गिरफ्तारी के डर से वह अहमदाबाद भाग जाना चाहता था। इसीलिए कुछ जरूरी कागज लेने गांव गया था। उसने कबूला कि घटना के बाद वह तीन दिन तक बर्रा निवासी बहन के घर रुका था। इसके बाद वहां से चित्रकूट चला गया था। वहां पांच दिन रुकने के बाद उरई चला गया था। दोनाें ही जगह होटलों में ठहरा। अहमदाबाद जाने का प्लान बनाया था, इसके लिए शहर लौटा और चकेरी स्थित होटल में रुका। एटीएम से रुपये निकालने पर पकड़े जाने के डर से नकद रुपये लेने होटल पहुंचा था। वह कांस्टेबल के संपर्क में था। उसी ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी। बीते दिनों पीड़ित परिवार को धमकाने का आरोप लगने के बाद नौबस्ता पुलिस ने इस कांस्टेबल को विभागीय कार्रवाई का डर दिखाकर उस पर गिरफ्तारी कराने का दबाव बनाया था।
सेक्स रैकेट के तार खंगालने में जुटी पुलिस
केशव के मोबाइल में मिले कुछ ऑडियो ऐसे भी हैं जिनमें सेक्स रैकेट चलने की साफ पुष्टि है। ऐसे में अब पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि उसके साथ और कौन कौन इस रैकेट में शामिल हैं। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि आरोपी ने छात्रा को परेशान करने की बात स्वीकार की है। उसके मोबाइल में मिली अश्लील फोटो वाली लड़कियों को उसने शादीशुदा और पुरानी दोस्त बताया है।