संजीत अपहरण हत्याकांड में सबसे ज्यादा सवालों के घेरे में रहे तत्कालीन बर्रा इंस्पेक्टर रणजीत राय का एक और कारनामा सामने आया है। मामले की जांच कर रही सीबीआई टीम के शहर से जाते ही वह मंगलवार को बर्रा थाने पहुंचे।
जानकारी हुई है कि वह मुंशियाने में तकरीबन साढ़े तीन घंटे तक रहे। स्टाफ को वहां से हटा दिया था। कंप्यूटर से कई दस्तावेजों के प्रिंट निकाल तमाम रिकॉर्ड खंगाले। वह आखिर कौन से दस्तावेेज ले गए और कौन से रिकॉर्ड खंगाले। सीबीआई जल्द इंस्पेक्टर पर शिकंजा कस सकती है।
सीबीआई की टीम सोमवार रात लखनऊ चली गई थी। इंस्पेक्टर रणजीत राय मंगलवार शाम 5:30 बजे अपनी गाड़ी से सादे कपड़ों में बर्रा थाने पहुंचे। मौजूदा समय में रणजीत राय कन्नौज में एसओजी प्रभारी हैं।
थाने में जाते ही व सबसे पहले अपने बैचमेेट थानाप्रभारी अजय सेठ से मिले। इसके बाद मुंशीयाने में पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक वहां मौजूद मुंशी, हेड कांस्टेबल व अन्य पुलिसकर्मियों से सीबीआई की अब तक की जांच के बारे में पूछा।