सपा ने दागी अभिषेक यादव को छात्रसभा का प्रदेश सचिव बनाया है। आपराधिक प्रवृत्ति का होने के बावजूद समाजवादी पार्टी ने उसको ये जिम्मेदारी दी है, जिसको लेकर सियासत तेज हो गई है।
समाजवादी पार्टी ने दागी अभिषेक यादव उर्फ बउवा यादव को छात्रसभा का प्रदेश सचिव बनाया है। अलग-अलग थानों में उसके खिलाफ तीन एफआईआर दर्ज हैं। एक मामला बेहद गंभीर है। इसको लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। एक तरफ जहां उपद्रवियों को पार्टी से निष्काषित किया तो दूसरी तरफ उसी दिन कई मामलों के आरोपी को अहम पद दे दिया।
विज्ञापन
कानपुर चकेरी निवासी अभिषेक यादव पर अगस्त 2019 में एक केस हरबंश मोहाल में दर्ज हुआ था। जिसमें सेवन सीएलए, मारपीट, धमकी, सरकारी काम में बाधा समेत अन्य धाराएं लगी थीं। दूसरा मुकदमा चकेरी थाने में मारपीट, गाली गलौज और धमकी की धाराओं में दर्ज है। वहीं तीसरा केस रेलबाजार में दर्ज है। जिसमें बलवा, मारपीट, धमकी व गाली गलौज समेत अन्य धाराएं शामिल हैं।
आपराधिक प्रवृत्ति का होने के बावजूद समाजवादी पार्टी ने उसको छात्रसभा में प्रदेश सचिव बनाया। जानकारी के मुताबिक अभिषेक का भाई पुलिस विभाग में सिपाही है। वर्तमान में कोतवाली थाने में तैनात है। पिछले कई वर्षों से वह यहीं पर जमा हुआ है। कई बार गैर जनपद ट्रांसफर हुआ लेकिन वह हर बार पैरवी कर ट्रांसफर रुकवा लेता है। यही नहीं सरकारी आवास खाली करने के लिए नोटिस भी जारी हो चुका है लेकिन आवास खाली नहीं किया है।