सैफई। सैफई आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय में तैनात सफाईकर्मी और उसके साथी को पुलिस ने मोबाइल फोन चोरी के मामले में गिरफ्तार किया है। इनके पास से आठ मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इन कीमत करीब दो लाख रुपये बताई गई है।
विज्ञापन
थाना बकेवर क्षेत्र के लखना निवासी जयदीप गुप्ता ने 25 मई की रात सैफई परिसर से मोबाइल फोन चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 29 मई को गंगापुर, थाना कुरावली मैनपुरी निवासी अमित कुमार ने भी फोन चोरी की एफआईआर दर्ज कराई। शनिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी के मोबाइल फोन बेचने की फिराक में किसान बाजार घंटाघर कट के पास खड़े हैं।
सैफई प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार शर्मा व पीजीआई चौकी इंचार्ज ललित कुमार टीम के साथ पहुंचे और दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान आशीष कश्यप निवासी अहलादपुर, थाना करहल, मैनपुरी और सुरजीत निवासी गीजा, थाना सैफई के रूप में हुई। दोनों के पास के चोरी के आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में सुरजीत ने बताया कि वह सैफई आयुर्विज्ञान विवि में सफाई कर्मचारी के रूप में कार्य करता है। उसने साथी आशीष के साथ मिलकर मरीजों और तीमारदारों के फोन चुराए और फिर उन्हें सस्ते दामों में बेचता था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।