कानपुर। जेईई, नीट, सीयूईटी, बैंकिंग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के लिए आईआईटी की ओर से विकसित साथी एप में अब लाइव कक्षाएं शुरू की गई हैं।
सबसे पहले दमन-दीव के अलावा पंजाब और पुडुचेरी के सरकारी स्कूलों में लाइव कक्षाएं संचालित हो रही है। इससे विद्यार्थी अपनी जिज्ञासाओं को शांत कर रहे हैं। जल्द ही इसे पूरे देश में लागू करने की तैयारी है।
आईआईटी और एम्स के विशेषज्ञों की टीम साथी एप से सरकारी स्कूलों में लाइव कक्षाएं चलाएंगे। आईआईटी कानपुर के इस एप का प्रयोग देश का कोई भी छात्र निशुल्क पंजीकरण करने के बाद कर सकता है।
शिक्षा मंत्रालय की पहल पर पंजाब, दमन-दीव व पुडुचेरी के सरकारी स्कूलों में कक्षा 11 व 12 के छात्र-छात्राओं के लिए लाइव कक्षाओं की शुरूआत आठ जुलाई से कर दी गई है। इन कक्षाओं का संचालन स्मार्ट क्लास रूम के माध्यम से किया जा रहा है। छात्रों को इसमें लाइव व रिकॉर्डेड लेक्चर, मॉक टेस्ट, व्यक्तिगत लर्निंग टूल्स और बहुभाषी सामग्री मिल रही है।
लाइव कक्षाओं में छात्र अपनी जिज्ञासाओं को भी दूर कर पा रहे हैं। इसके लिए एप पर चार विकल्प दिए गए हैं। साथी फोरम से वह अपनी समस्या बताकर हल पूछ सकते हैं। डाउट क्लीयरिंग फ्रॉम साथी एप और डाउट क्लीयरिंग फ्रॉम चैट-बॉट से भी वह सवाल पूछ सकते हैं।
निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को अब महंगी कोचिंग की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथी एप से उनकी समस्याओं का समाधान मिल सकेगा। यह सुविधा निशुल्क है।