कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर शहर में अलर्ट जारी है। स्वास्थ्य विभाग शिक्षण संस्थानों और कालेजों के हॉस्टल में रह रहे कर्नाटक, केरल और दूसरे प्रांतों से आने वाले छात्रों की सैंपलिंग करेगा।
इंडिगो या स्पाइसजेट की फ्लाइट से मुंबई जाने वालों के लिए नियम सख्त कर दिए गए हैं। शुक्रवार से मुंबई का सफर करने वालों को आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट साथ ले जानी होगी वरना यात्रा से वंचित किए जा सकते हैं। वैक्सीन लगवाने वालों के लिए भी रिपोर्ट लाना जरूरी किया गया है।
विज्ञापन
कोविड संक्रमण के वैरिएंट ओमिक्रोन के भारत में दो केस मिलने के बाद से सख्ती शुरू की गई है। गुरुवार को आए एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया के निर्देश के बाद एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य विभाग की टीम मुंबई से आने वाले यात्रियों की स्क्रीनिंग करेगी। बुखार या अन्य लक्षण होने पर उनकी जांच की जाएगी।
विमानन कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि टिकट बुकिंग के समय ही यात्रियों को इसकी सूचना दी जा रही है। जो यात्री आरटीपीसीआर रिपोर्ट नहीं लाएंगे उन्हें यात्रा करने से रोक दिया जाएगा। दिल्ली और बेंगलुरु आने जाने के लिए अभी आरटीपीसीआर रिपोर्ट की बाध्यता नहीं रखी गई है।