सार
Kanpur News: पुलिस ने चेकिंग के दौरान नौबस्ता में 18 लाख, बर्रा में 8.50 लाख, गुजैनी में 80 हजार, मूलगंज में 4.50 लाख, रावतपुर में 10 लाख और कल्याणपुर में 2.06 लाख रुपये बरामद किए हैं।
कानपुर में लोकसभा चुनाव को लेकर चलाए जा रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान साउथ जोन के तीन थाना क्षेत्रों में 27.30 लाख रुपये बरामद हुए। जबकि पश्चिम जोन में 12.06 लाख रुपये व पूर्वी जोन की मूलगंज पुलिस ने 4.50 लाख रुपये बरामद किए। कार सवार युवकों द्वारा रुपये से संबंधित कोई जानकारी न दे पाने पर नकदी कब्जे में लेकर फ्लाइंग एस्कॉर्ट टीम (एफएसटी) को सूचना देकर बुलाया। टीम ने रुपये ले जाने का कारण और संबंधित दस्तावेज जांच के लिए मांगे हैं।
- साउथ जोन की नौबस्ता पुलिस ने जुगईया मोड़ चौकी क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान चकेरी की तरफ से आने वाली एक कार को रोक लिया। कार चेकिंग के दौरान एक थैली में 18 लाख रुपये बरामद हुए। रायबरेली के लालगंज निवासी कार सवार अनिल कुमार, राजेश कुमार गुप्ता व आयुष गुप्ता रुपयों से संबंधित दस्तावेज नहीं दिखा सके। इंस्पेक्टर नौबस्ता जगदीश पांडेय ने बताया कि कार सवार युवक खुद को पान मसाला कारोबारी बता रहे थे। कार से बरामद रुपये कब्जे में लिए गए।
- बर्रा पुलिस ने कर्रही रोड स्थित स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज के पास वाहन चेकिंग के दौरान बर्रा निवासी सौरभ सचान की कार से 8.50 लाख रुपये बरामद किए। सौरभ ने खुद को बिस्कुट व नमकीन कारोबारी बताया। बरामद रुपये से संबंधित जानकारी न दे पाने के चलते उन्हें भी एफएसटी के सुपुर्द किया गया।
- इधर, गुजैनी पुलिस ने बसंत पेट्रोल पंप के पास वाहन चेकिंग के दौरान कार सवार रामदेवी निवासी प्रणय नायक के पास से 80 हजार रुपये बरामद किए। थाना प्रभारी विनय तिवारी ने बताया कि प्रणय शराब कारोबारी हैं। वहीं, पूर्वी जोन की मूलगंज पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान स्वरूपनगर निवासी मशीनरी कारोबारी विनीत कुमार अवस्थी की कार से 4.50 लाख रुपये बरामद किए। पुलिस ने बरामद रुपये कब्जे में लेकर मालखाने में जमा करा दिए।
- उधर पश्चिम जोन में रावतपुर पुलिस ने गुरुदेव चौराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान गोविंदनगर के दरोगा चौराहा निवासी ठेकेदार शिवप्रताप पांडेय की एसयूवी कार से 10 लाख रुपये बरामद किए। ठेकेदार द्वारा संतोषजनक जवाब न देने पर रुपये जब्त किए गए।
- कल्याणपुर पुलिस ने आईआईटी मेट्रो स्टेशन के पास वाहन चेकिंग के दौरान मैनपुरी से शहर आ रहे कारोबारी मो. जाकिर की अर्टिका कार से 2.06 लाख रुपये बरामद किए। कारोबारी ने बरामद रुपये खुद के बताए। कारोबार के सिलसिले से बैंक से निकालने की बात बताई। मौके पर कारोबारी द्वारा कोई साक्ष्य प्रस्तुत न कर पाने के कारण पुलिस ने रुपये जब्त कर लिए।