कानपुर। रामादेवी से आईआईटी तक जीटी रोड चमकाई जाएगी। एनएच पीडब्ल्यूडी ने ठेकेदार कंपनी एमवीडी को 17 मई से यह कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं। ठेकेदार कंपनी को पांच साल तक चार लेन की इस सड़क के रखरखाव एवं मरम्मत का भी ठेका दिया गया है। सुजातगंज मोड़ से मरम्मत की शुरुआत होगी।
शहर के बीचोंबीच से निकले 19 किलोमीटर लंबे जीटी रोड में कल्याणपुर क्राॅसिंग से गुरुदेव चौराहे तक ढाई सौ से ज्यादा गड्ढे हैं। रावतपुर स्टेशन से गोल चौराहे तक बजरी भी उखड़ गई है। वहां से टाटमिल तक करीब 20 गड्ढे हैं। सबसे बड़ा गड्ढा टाटमिल से सीओडी पुल के बीच सुजातगंज मोड़ की तरफ है, जिसकी वजह से आए दिन दोपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त और लोग घायल होते रहते हैं। सीओडी पुल पर भी सड़क ऊबड़-खाबड़ है।
एनएच पीडब्ल्यूडी ने जीटी रोड के इस हिस्से की मरम्मत का ठेका लखनऊ की ठेकेदार कंपनी एमवीडी को दिया है। एनएच पीडब्ल्यूडी के एक अभियंता ने बताया कि ठेकेदार कंपनी ने मरम्मत की तैयारियां शुरू कर दी हैं। वह 17 मई से गड्ढे भरने शुरू सकती है। सबसे पहले सुजातगंज मोड़ के पास गड्ढा भरा जाएगा। इसमें डब्ल्यूएमएम (विभिन्न आकार की गिट्टियों और स्टोन डस्ट का मिश्रण डाला जाएगा। इससे सड़क समतल होने के बाद तीन-चार दिन उसे मजबूत होने के लिए छोड़ा जाएगा। तब तक अन्य गड्ढे भरे जाएंगे। इसके बाद पूरी सड़क पर तारकोल मिक्स गिट्टी की पर्त बिछाई जाएगी। इसके लिए ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं।